गुरुग्राम में आध्यात्मिकता और शांति का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है। 2 मार्च 2025 को ‘विश्व शांति केंद्र’ (World Peace Centre) का भव्य उद्घाटन होने वाला है, जहां भारत के नामी संत और आध्यात्मिक गुरु एक साथ मंच साझा करेंगे। इस ऐतिहासिक मौके पर श्री श्री रविशंकर, स्वामी रामदेव, मोरारी बापू और आचार्य लोकेश मुनि समेत कई बड़े संत और आध्यात्मिक हस्तियां मौजूद रहेंगी।

कैसा होगा ‘विश्व शांति केंद्र’?
यह केंद्र केवल एक इमारत नहीं, बल्कि आध्यात्मिकता, योग, ध्यान और शांति का एक भव्य मंच होगा। इस केंद्र का उद्देश्य मानवता को शांति का संदेश देना, युवाओं के व्यक्तित्व विकास में योगदान देना, महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और भारतीय संस्कृति व जैन जीवनशैली के सिद्धांतों को प्रसारित करना है।

उद्घाटन समारोह में कौन-कौन रहेगा शामिल?
इस भव्य कार्यक्रम में भारत के पूर्व राष्ट्रपति श्री रामनाथ कोविंद, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। वहीं, आध्यात्मिक जगत की कई बड़ी हस्तियां भी इस मौके पर अपने विचार साझा करेंगी।

आचार्य लोकेश मुनि का सपना साकार
इस केंद्र की स्थापना अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक आचार्य लोकेश मुनि के मार्गदर्शन में की जा रही है। राजस्थान के पचपदरा से ताल्लुक रखने वाले आचार्य लोकेश मुनि ने जीवनभर शांति, अहिंसा और सामाजिक सुधार पर जोर दिया है। उनका मानना है कि यह केंद्र पूरी दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश देगा।

गुरुग्राम से गूंजेगा विश्व शांति का संदेश!
यह केंद्र केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए शांति और सद्भाव का प्रतीक बनने जा रहा है। संयुक्त राष्ट्र (UN) और विश्व धर्म संसद से भी इस केंद्र के सहयोग की उम्मीद की जा रही है। गुरुग्राम का यह विश्व शांति केंद्र आध्यात्मिकता और मानवीय मूल्यों को एक नए मुकाम तक पहुंचाने की दिशा में बड़ा कदम साबित हो सकता है।
तो तैयार रहिए 2 मार्च 2025 को इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनने के लिए, जब गुरुग्राम से शांति और आध्यात्म का संदेश पूरी दुनिया में गूंजेगा!