उदयपुर : केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री ने आजादी के शताब्दी वर्ष 2047 तक संपूर्ण विकसित और आत्मनिर्भर भारत बनाने का सपना देखा है और इस सपने को हर हाल में साकार किया जाएगा।
श्री शाह मंगलवार को बलीचा स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र में मोदी के नेतृत्व की सरकार के 10 साल का कार्यकाल भारत उदय का काल रहा है, उत्कृष्ट भारत का काल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार की गरीब कल्याण, आर्थिक उन्नयन, सामरिक क्षमता वृद्धि आदि क्षेत्रों में हुए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि भारत विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बना। देश की सीमाएं सुरक्षित हुई हैं। विश्व भर में भारत का सम्मान बढ़ा है। आने वाले पांच वर्षों में भारत को विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था तथा वर्ष 2047 तक विश्व का अग्रणी राष्ट्र बनाने का संकल्प है।

केंद्रीय गृहमंत्री ने राजस्थान में मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में नवगठित सरकार के अल्पकाल में किए गए कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता के आशीर्वाद से बनी यह डबल इंजन सरकार जनता से किया हर वादा पूरा करने के लिए पूरे मनोयोग से जुटी हुई है। प्रारंभ में उन्होंने महाराणा प्रताप, पन्नाधाय, मीराबाई जैसी विभूतियों को याद करते हुए मेवाड़ की धरा को नमन किया। उन्होंने कहा कि बलिदान की जो गाथा मेवाड़ ने लिखी है उसे पूरा देश नमन करता है।
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता ने जो विश्वास जताया, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने संकल्प पत्र में जो वादे किए, उन्हें तेजी से पूरा किया जा रहा है। प्रदेश के 74 लाख परिवारों को 450 रूपए गैस सिलेण्डर मिलेगा। किसान सम्मान निधि को 6000 से बढ़ाकर 8000 रूपए कर दिया गया है। गेहूं की एमएसपी पर 125 रूपए बोनस देते हुए 2400 रूपए कर दी है। इससे किसान भाईयों को बड़ी राहत मिली है। प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल और पेपरलीक की घटनाओं को रोकने के लिए एसआईपी गठित करते हुए अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार भी किया जा चुका है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। प्रदेश में महिला अत्याचारों की रोकथाम के लिए विशेष टास्क फोर्स गठित की गई है। गैंगस्टर पर नकेल कसने के लिए भी विशेष टास्क फोर्स बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 35-40 सालों से अटकी ईआरसीपी और तेजावाड़ा से यमुना के पानी की समस्या का समाधान करते हुए जनता को बड़ी राहत दी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में विकसित भारत की तर्ज पर विकसित राजस्थान के संकल्प को भी साकार किया जाएगा।