आध्यात्मिक उपदेशक और भजन गायिका जया किशोरी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका कोई भजन या प्रवचन नहीं बल्कि एक ब्रांडेड बैग है। हाल ही में जया किशोरी को एयरपोर्ट पर 2 लाख रुपये के कस्टमाइज्ड Dior बैग के साथ देखा गया। खास बात ये है कि इस बैग को बनाने में कथित तौर पर गाय के चमड़े का इस्तेमाल हुआ है, और यहीं से शुरू हुआ विवाद।
जया किशोरी अपने अनुयायियों को अक्सर सादगी और भौतिकवाद से दूर रहने का संदेश देती आई हैं। ऐसे में, जब वो खुद एक लग्जरी ब्रांड का बैग लेकर नजर आईं, तो लोगों ने उनकी उपदेशों और असल जिंदगी के बीच की दूरी पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।
सोशल मीडिया पर एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, “सादा जीवन जीने का संदेश देने वाली जया किशोरी, अब खुद 2 लाख का बैग लेकर घूम रही हैं। क्या ये दोहरे मापदंड नहीं हैं?” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “गाय की पूजा की बात करने वाली जया किशोरी गाय के चमड़े का बैग कैसे इस्तेमाल कर सकती हैं?”
विवाद इतना बढ़ गया कि लोग ये तक कह रहे हैं कि जया किशोरी ने वो वीडियो अब अपने सोशल मीडिया से हटा दिया है।
जहां एक तरफ लोग उनकी आलोचना कर रहे हैं, वहीं कुछ अनुयायी जया किशोरी का समर्थन करते भी नजर आए। उनका कहना है कि किसी के पास क्या है और क्या नहीं, इस पर ध्यान देने से ज्यादा जरूरी है उनके विचारों पर ध्यान देना।
लेकिन फिलहाल, ये विवाद थमता नजर नहीं आ रहा। कई लोग इसे धार्मिक उपदेशकों की दोहरी सोच का उदाहरण मान रहे हैं।















